भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष पद के नामांकन प्रक्रिया के दौरान रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के एक गुट ने चुनाव अधिकारी संगम लाल गुप्ता और चुनाव पर्यवेक्षक जय प्रकाश चतुर्वेदी के सामने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता चंद्रकांत द्विवेदी, और जिला प्रतिनिधि ज्योति वाल्मीकि के नेतृत्व में सभी ने चुनाव अधिकारी को गुलदस्ते में सजाकर जूता देने भेंट किया, जिस पर बवाल मच गया। मामला प्रदेश इकाई तक पहुंच गया है। यह लोग तीन दिन पहले हुए मंडल अध्यक्षों के चयन पर अपनी नाराजगी जाहिर करने पहुंचे थे। इन कार्यकर्ताओं ने इस दौरान योगी और मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए और एक शिकायती पत्र भी चुनाव अधिकारी को सौंपा। मजे की बात यह है कि जैसे ही जूते के इस गुलदस्ते का वीडियो और फोटो जैसे ही वायरल हुआ, जिला स्तर से लेकर प्रदेश इकाई सभी में तहलका मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय की ओर से एक जांच कमेटी भी गठित कर दी गई है।