भीतरगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेहटा गंभीरपुर में लाखों रुपये पानी की तरह बहाकर बनवाया गया ओपन जिम आज सरकारी तंत्र की नाकामी और उदासीनता की सबसे जीवंत मिसाल बन चुका है। उद्घाटन के बाद से ही ताले में कैद देखरेख के अभाव में दम तोड़ता यह जिम अब कसरती उपकरणों के लिए नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी झाड़ियों और खरपतवारों के बीच सांप बिचखोपर जैसे जहरीले जीव जंतुओं के लिये सुरक्षित ठिकाना बन गया है। गेट पर जड़ा ताला और जिम की दीवारों से सटे गोबर के ढेर प्रशासनिक कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े करते हैं। दुर्गंध से घिरे इस परिसर में कई लाख के उपकरण खुले आसमान के नीचे जंग खा रहे हैं।