सावन माह के दूसरे सोमवार के अवसर पर नगर के आनंद घाट, बालू घाट और जाजमऊ के चंदन घाट पर गंगा स्नान करने के लिए दूर दराज से श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची। शिव मंदिरों में पूजन पाठ करने के लिए लोगों की भीड़ रही। वहीं नगर के कई शिव मंदिरों में समाज सेवियों द्वारा रूद्राभिषेक के साथ हवन पूजन और भंडारे के कार्यक्रम भी कराए गए। वहीं दूर दराज से आने वाले कांवड़ियां गंगाजल लेकर पुलिस सुरक्षा के बीच गंतव्य को रवाना हुए। सोमवार सुबह से ही सभी घाटों पर गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर दूर दराज से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे स्टाफ सतर्क रहा। लगातार ट्रेनों के आवागमन को लेकर एनाउंसमेंट जारी रहा। गंगा स्नान करने के लिए कानपुर, कानपुर देहात, लखनऊ, रायबरेली से भी लोग गंगास्नान करने के लिए पहुंचे। वहीं नगर के आनंद और बालू घाट पर सुरक्षा के लिए नाव, नाविक और गोताखोर मौजूद रहे। कोतवाली गंगाघाट प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि चंदन घाट समेत अन्य दो घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल सुरक्षा के लिए लगाए गए। साथ ही कांवड़ियों को दिक्कत न हो इसके लिए जगह-जगह पिकेट ड्यूटी में पुलिस की तैनाती रही। सुबह बालू और आनंद घाट से दो सैकड़ा से अधिक कांवड़ियों का जत्थ गंगाजल लेकर हरदोई और बाराबंकी के लिए रवाना हुआ। सभी घाट हर-हर, बम-बम के जयकारों से गूंज उठे। नगर के सीताराम कालोनी स्थित शिव मंदिर, आजाद नगर, पोनीरोड ब्रम्हनगर, आदर्श नगर के निरांकारेश्वर मंदिर, देवारा कलां स्थित वीरभद्रेश्वर शिव मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में हवन पूजन और रूद्राभिषेक के कार्यक्रम संपन्न हुए इस दौरान भंडारे का प्रसाद लोगों के बीच वितरित किया गया।