सिकंदरा थाना क्षेत्र में मासूम की हत्या के मामले की जांच कर लौट रहे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद की कार सोमवार रात तेज बारिश के दौरान रसधान-देवीपुर मार्ग स्थित औडेरी बंबा पुलिया पर अनियंत्रित होकर बंबा में जा गिरी। हादसे के समय कार में एएसपी, चालक और एक हेड कांस्टेबल सवार थे। कार बंबा में गिरते ही उसमें पानी भरने लगा और दरवाजे लॉक हो गए, जिससे तीनों कुछ देर तक अंदर फंस गए। एएसपी आलोक प्रसाद ने सूझबूझ दिखाते हुए कार का पिछला दरवाजा खोला और चालक व हेड कांस्टेबल के साथ बाहर निकलकर कार की छत पर पहुंच गए। इसी दौरान पीछे आ रही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष सुधाकर सिंह और पुलिसकर्मियों ने तत्काल सीढ़ी मंगवाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।