शनिवार को महाराजपुर थाना परिसर में एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्दियों के मौसम में बढ़ने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विस्तृत चर्चा हुई। एसीपी ने कहा कि लोग लाखों रुपए खर्च कर मकान तो बनवा लेते हैं लेकिन सुरक्षा के लिए कैमरे नहीं लगवाते जो बेहद लापरवाही भरा कदम है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों से अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से कैमरे लगवाने पर जोर दिया। एसीपी ने बताया कि प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्र में चौकी इंचार्ज की ओर से एक विशेष ग्रुप बनाया जाएगा जिसमें 8 से 10 जिम्मेदार लोगों को जोड़ा जाएगा। यह टीम गांव में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखेगी संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी देगी और रात में पहरेदारी भी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि गांव में कोई बाहरी व्यक्ति चोरी छुपे रह रहा हो या स्थानीय निवासी न हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग वह स्वयं करेंगे और रोस्टर के आधार पर हर चौकी क्षेत्र में जाकर व्यवस्था की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता की संयुक्त सतर्कता ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगा सकती है।