आईआईटी कानपुर तकनीक का मंदिर है। मंदिर में जब कोई जाता है तो कुछ न कुछ मांगने के इरादे से ही जाता है। कोई धन संपदा तो कोई नाम और शोहरत मांगता है। इस मंदिर से मैं देश को तकनीक में आत्मनिर्भर बनाने की मुराद मांगने आया हूं। तकनीक में भारत का टेकऑफ हो चुका है। अब इसे ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर की है। यह बातें आईआईटी कानपुर के 65वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि तकनीक के क्षेत्र में यूएसए और इजराइल के समान देश को अत्याधुनिक बनाने के लिए आईआईटी को अधिक से अधिक शोध कार्य करने होंगे।