राजधानी मार्ग स्थित न्यू पीएचसी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 73 मरीजों का इलाजकर दवाएं वितरित की गईं। वहीं, दो साल से होम्योपैथी शिविर नहीं लगने से इस पद्धति से इलाज कराने वाले मरीजों को वापस लौटना पड़ा। पीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश चंद्रा ने बताया कि मौसम बदलाव के चलते बुखार, खांसी व जुकाम के मरीज ज्यादा पहुंचे। मरीजों को दवाएं देने के साथ ही बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि दो साल से होम्योपैथी शिविर न लगने से इस पद्धति से इलाज करने वाले मरीजों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। इसकी सूचना वह जिला चिकित्सालय में दे चुके हैं। जन आरोग्य मेले में डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. रश्मि वर्मा, फार्मासिस्ट अवनीश मिश्रा, सिद्धार्थ बाजपेई, सत्यम शुक्ला व सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।