मुख्य चौराहे के आसपास डग्गामार वाहनों व अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को एसीपी कृष्णकांत ने थानेदार व पालिका के ईओ के साथ अभियान चलाया। इस दौरान 25 दोपहिया व चार पहिया वाहनों को सीज किया गया। साथ ही 50 वाहनों का चालान किया गया। कई दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। कुछ वाहन सवार रास्ता बदलकर निकलते देखे गए। मालूम हो कि मुख्य चौराहे पर डग्गामार वाहनों का जमावड़ा और दुकानदारों के अतिक्रमण से रास्ता संकरा होने से रोजाना जाम लगता है। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। अमर उजाला ने सोमवार नौ फरवरी को इस बारे में डग्गामार वाहनों के जमावड़े से रोजाना लगता है जाम...शीर्षक से खबर छापी थी। खबर का असर यह रहा है कि सोमवार को मुख्य चौराहे पर डग्गामार वाहनों व अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एसीपी कृष्णकांत ने थाना प्रभारी दिनेश कुमार विष्ट व पालिका के ईओ (अधिशासी अधिकारी) महेंद्र कुमार के साथ मुख्य चौराहे व सर्विस लेन पर बेतरतीब खड़े ऑटो, ई-रिक्शा व अन्य दोपहिया-चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान फोर्स देख कुछ चालक ऑटो व ई-रिक्शा लेकर गलियों में भाग गए। इस दौरान एसीपी ने चौराहे के आसपास लगने वाले जाम पर ट्रैफिक पुलिस से कड़ी नाराजगी जताई। पालिका ईओ ने कहा कि मुख्य चौराहे व सर्विस लेन अतिक्रमण करने वाले खुद अतिक्रमण हटा लें, वरना जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।