बबीना थाना क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी में बने ठाकुर बाबा मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर की दानपेटी, ठाकुर बाबा का चांदी का मुकुट तथा शिवजी पर चढ़ा तांबे का नाग चोरी कर ले गए। मंदिर के पुजारी महेंद्र यादव ने बताया कि जब वह सुबह मंदिर पहुंचे तो मंदिर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और दानपेटी गायब थी। उन्होंने बताया कि दानपेटी में करीब 10 से 15 हजार रुपये नकद थे। इसके अलावा मंदिर में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा ठाकुर बाबा का चांदी का मुकुट भी चोर अपने साथ ले गए। वहीं शिवलिंग पर चढ़ा तांबे का नाग भी चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में एकत्र हो गई। लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।