टहरौली। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेरा अशोकनगर में करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट कर दी। क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सोमेन्द्र सिंह ने पुलिस बल के साथ सुबह करीब छह बजे थाना क्षेत्र से चार किलोमीटर दूर स्थित डेरा अशोकनगर में छापेमारी की। पुलिस ने मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार की जा रही लहन को जमीन पर बहाकर नष्ट कराया। इसके बाद जेसीबी से शराब बनाने के उपकरण और भट्ठियां ध्वस्त कर दी गईं। इसी अभियान के दौरान ग्राम बंगरा-बंगरी में कच्ची शराब बेच रही डेरा अशोकनगर निवासी निशा के कब्जे से 20 लीटर तथा रौरा मोड़ से लक्ष्मनपुरा (थाना बरुआसागर) निवासी निशा के कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।