फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी: डीआईओएस बोलीं- अखबार पढ़ने से बढ़ती है तार्किक शक्ति, संवाद कार्यक्रम में अध्यापकों ने भी रखी अपनी राय

पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रार्थना सभाओं में अखबार वाचन का आदेश दिया है। इससे बच्चों की तार्किक शक्ति, भाषा विश्लेषण व शब्द कोष मजबूत होगा। देश-विदेश, खेलकूद आदि की जानकारी होगी। स्कूलों में जल्द एक घंटा (पीरियड) लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए शुरू किया जाएगा। ये बातें मंगलवार को अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रती वर्मा ने कही। डीआईओएस ने कहा कि बच्चे सोशल मीडिया के मकड़जाल में फंसते जा रहे हैं। इस पर जानकारियों का कोई अंत नहीं है मगर कई भ्रामक होती हैं। इससे बच्चों का बौद्धिक व मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है। यही वजह है कि कई विकसित देश पठन-पाठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पुराने तरीके आजमा रहे हैं। पढ़ने-लिखने से बच्चों का चंहुमुखी विकास होता है। स्कूलों को लाइब्रेरी में पढ़ने का समय निर्धारित करना चाहिए। शेयर वुड्स की प्रधानाचार्य प्रीति खत्री ने बताया कि सीबीएसई स्कूलों में प्रार्थना सभा के समय अखबारों का वाचन कराया जाता है। इससे बच्चों को ज्ञान-विज्ञान, देश-विदेश, पक्ष-विपक्ष आदि की जानकारी होती है। शब्द कोष के साथ तार्किक शक्ति बढ़ती है। पं. कृष्णचंद्र शर्मा कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अर्चना गौतम ने कहा कि शासन के आदेश पर प्रार्थना सभा ही नहीं लाइब्रेरी में भी अखबार पढ़ने की आदत डाली जाएगी। इससे बच्चों में एकाग्रता के साथ तार्किक ज्ञान बढ़ेगा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की उप प्रधानाचार्य संध्या शुक्ला ने कहा कि अखबार खरीदने के लिए फंड नहीं है मगर अब इसका नियमित अध्ययन कराया जाएगा। डीआईओएस ने कहा कि बच्चों से लिए जाने वाले लाइब्रेरी शुल्क का प्रयोग अखबार खरीदने में किया जाए। आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनीता कनौजिया ने कहा कि प्रार्थना सभा में अखबार का वाचन शुरू कर दिया है। जल्द ही लाइब्रेरी में पढ़ने की आदत डालने के लिए पीरियड शुरू किया जाएगा। सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज की डॉ. पूनम व क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के शैलेंद्र कुमार ने कहा कि अखबार नियमित पढ़ने से सामान्य ज्ञान बढ़ता है और प्रतियोगी परीक्षा में काफी सहयोग मिलता है। गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज के पीसी पुरोहित ने कहा कि एक-एक शब्द का महत्व होता है। जब शब्द का अर्थ पता चलता है तो निश्चित तौर पर ज्ञान का विस्तार होता है। डीएवी इंटर कॉलेज के दिनेश कुमार और सीकेसी एकेडमी के बीपी पाठक ने कहा कि प्रार्थना सभा के अलावा लाइब्रेरी में अखबार पढ़ने का पीरियड होने से विद्यार्थियों का तार्किक ज्ञान बढ़ेगा और एकाग्रता भी आएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें