भांडेरी गेट के बाहर श्रीगणेशी शिक्षा कांवेंट विद्यालय के पास मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश में पड़ोसियों के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव के साथ गोली चली। एक गोली खिड़की से देख रही नगर निगम की संविदा सफाईकर्मी कुसुम देवी (59) पत्नी रज्जन की छाती में जा धंसी, जबकि छर्रा पास में खड़े पुत्र राहुल (24) के पेट में जा धंसे। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर कुसुम की मौत हो गई जबकि राहुल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, पथराव एवं गोलीबारी की सूचना मिलने पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति भारी पुलिस बल के साथ जा पहुंचे। उन्होंने भी घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। देर रात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों पक्षों से नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।