उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन से जुड़े दल सत्ता के बिना बेचैन हैं। ये देश की सर्वोच्च अदालत, लोकसभा अध्यक्ष से लेकर चुनाव आयोग हो या कोई भी संवैधानिक संस्था, उन पर उंगली उठाकर देश का माहौल खराब करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष घुसपैठियों को अपना रिश्तेदार और वोटबैंक बनाना चाहता है। शुक्रवार को वह सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल और अखिलेश देश के प्रति गैर जिम्मेदार नेता हैं। ईरान-इस्राइल युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट से दुनिया जूझ रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गैस और डीजल किल्लत को दूर करने के लिए उच्चस्तरीय प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में विपक्ष की ओर से देश का माहौल पैनिक बनाने का जो प्रयास किया जा रहा है, इसकी निंदा करता हूं। इस प्रकार के कृत्य से बाज आने की चेतावनी भी देता हूं। सरकार की पहली प्राथमिकता घरेलू गैस सिलिंडर की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित कराना है। बोले कि जिस रास्ते (होर्मुज स्ट्रेट) से दुनिया का कोई जहाज नहीं निकल पा रहा है, वहां से भारत का तिरंगा लहराते हुए क्रूड ऑयल लेकर जहाज मुंबई पहुंच चुका है। पीएम के नेतृत्व में इस संकट से हम उबर जाएंगे। न तेल और न गैस की कोई समस्या आएगी।