बबीना। थाना क्षेत्र की भेल चौकी अंतर्गत करोड़ों रुपये मूल्य के पुश्तैनी सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। क्षेत्र निवासी शशि गुप्ता, पत्नी स्वर्गीय गुठाई सेठ, ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर अपने घर से लगभग 357 तोला सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर इन आभूषणों की कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पीड़िता ने बताया कि 22 जून को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जब उन्होंने लकड़ी की लॉकर वाली अलमारी तथा सुरक्षित बक्से खोले, तो उनमें रखे सभी पुश्तैनी आभूषण गायब मिले। बक्सों में केवल खाली डिब्बे पड़े थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने घर की पहली मंजिल पर रहने वाली एक महिला किराएदार और उसके परिवार पर संदेह व्यक्त किया। प्रार्थना पत्र में पीड़िता का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी वही व्यक्ति कर सकता है, जिसे घर की बनावट, लॉकर और आभूषण रखने के स्थान की पूरी जानकारी हो। उन्होंने भेल चौकी पुलिस पर मामले में लापरवाही और पर्याप्त कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए करोड़ों रुपये के आभूषणों की शीघ्र बरामदगी की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।