मछलीशहर तहसील परिसर में न्यायालय के बरामदे में रखी अधिवक्ताओं की कुर्सी-मेज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बाहर रखवा दिया। इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने गुरुवार को तहसील आ रहे उक्त अधिकारी का वाहन गेट पर ही रोक लिया। जब अधिवक्ता वाहन के आगे बैठ गए तो उपजिलाधिकारी कुमार सौरभ गाड़ी छोड़कर पैदल ही पुलिस संरक्षण में कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने परिसर में नारेबाजी करते हुए कार्यालयों में कामकाज बंद करवा दिया। मामले का संतोषजनक हल निकलने तक न्यायिक कार्य बंद रखने की घोषणा की है। उपजिलाधिकारी न्यायालय दो दिन पहले नए भवन में स्थानांतरित हो गया। भवन तैयार होते ही कुछ अधिवक्ता न्यायालय के बरामदे में अपनी कुर्सी मेज रखकर बैठने लगे। उसे हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा। किंतु अधिवक्ता अपने स्थान पर लगातार बैठकर काम करते रहे।