विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में डॉक्टर व फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि आमजन को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मिल सके यह शासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में क्षेत्र विकास निधि योजनांतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर में 20 लाख की लागत से डाक्टर व फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष का लोकार्पण किया गया। इससे चिकित्सकीय सुविधा देने में चिकित्सकों को आसानी होगी तथा चिकित्सकीय व्यवस्था में भी सुधार होगा। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने कहा कि विधान परिषद सदस्य की ओर से जिला चिकित्सालय परिसर में चिकित्सकों के बैठने के लिए नियत स्थान अपने निधि से 20 लाख रुपए देकर उपलब्ध कराया गया है। इसके बनने से इमरजेंसी के दौरान भी चिकित्सकों को यहां पर नियमित रूप से बैठने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मी सिंह को निर्देशित किया कि चिकित्सकीय सुविधाओं के संदर्भ में इस प्रकार की, जहां कही भी कमियां व्याप्त हैं, जिला प्रशासन को इससे अवगत कराएं।