जौनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर गांव से गायब युवती का शव घर से लगभग दो किलोमीटर दूर नहर में उतराया मिला। युवती का शव मिलते हीं परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता श्रीराम ने बताया कि उसकी पुत्री आरती (20) मानसिक रूप से बीमार थी। उसका उपचार बनारस के एक अस्पताल से चल रहा था। बीते मंगलवार की रात करीब आठ बजे दवा खाने के बाद आरती घर वालों से बिना कुछ बताये गायब हो गयी थी। परिवार वाले गांव के आस-पास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन में लगे थे कि थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव के पास नहर में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त आरती के रूप में की। नहर में शव मिलने की सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अन्त्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया।थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के अनुसार युवती मानसिक रूप से बीमार थी,जिसकी दवा चल रही थी।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।