जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र के अदारी डभिया गांव निवासी और अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रोअर (भाला फेंक खिलाड़ी) रोहित यादव की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता अजय राय और समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव और जौनपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव रोहित यादव के पैतृक आवास पहुंचे। इस दौरान अजय राय ने रोहित की उपलब्धि पर उनको बधाई दी। साथ ही उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राम मंदिर में दान चोरी मामले पर बयान दिया। नेताओं ने रोहित के पिता सभाजीत यादव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। बता दें कि हाल ही में रोहित यादव ने 87.05 मीटर भाला फेंककर देश के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को भी पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस बड़ी कामयाबी के बाद से ही उनके घर पर लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।