व्यापारी दिलीप अग्रवाल की स्कूटी से डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 80 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। नगर में लगातार हो रही चोरी, टप्पेबाजी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में आक्रोश था। रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, व्यापारी दिलीप अग्रवाल की स्कूटी से डेढ़ लाख रुपये की टप्पेबाजी और महिला की स्कूटी से 30 हजार रुपये चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद पुलिस ने घटनाओं के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी थी। पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ईशान सोनी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शिवम सिंह सेंगर और पुलिस टीम सारंगपुर रोड स्थित डायमंड कोल्ड स्टोर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से 80 हजार रुपये नकद, एक बजाज बाइक और एक होंडा बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने व्यापारी दिलीप अग्रवाल की स्कूटी से रुपयों से भरा बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि बैग में 82 हजार रुपये थे, जिसमें से दो हजार रुपये खर्च कर दिए गए और बरामद रकम उसी घटना की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला रापटगंज निवासी वाशिल व सजल फरीदी, शाहगंज निवासी सुफियान उर्फ लकी, तोपखाना निवासी फरहान और मुरलीमनोहर निवासी शानू के रूप में की है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और इनके खिलाफ चोरी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।