शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अमिरता में बीते बृहस्पतिवार को हुई महिला की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दावा है कि गांव निवासी अधेड़ का प्रेम-प्रसंग मृतका की देवरानी की बहन से था। घटना से कुछ दिन पहले मृतका ने अधेड़ और देवरानी की बहन को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। यह बात वह सबको बताने की धमकी दे रही थी। इसी से नाराज होकर अधेड़ ने फावड़ा मारकर हत्या कर दी थी। अधेड़ को गिरफ्तार कर फावड़ा बरामद कर लिया गया है। न्यायालय ने अधेड़ को जेल भेज दिया है। अमिरता निवासी श्रीदेवी (45) की बीते बृहस्पतिवार को हत्या कर दी गई थी। शव उसके खेत के पड़ोस में गेहूं के खेत में पड़ा मिला था। बायें कान के नीचे गले तक धारदार हथियार से वार किए जाने का निशान मिला था। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगाई थीं। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि श्रीदेवी की हत्या गांव निवासी रामनिवास ने की थी। उसने बताया कि श्रीदेवी की देवरानी की बहन लवली के साथ राम निवास की नजदीकियां थीं। श्री देवी ने कुछ दिन पहले राम निवास और लवली को साथ देख लिया था। इससे श्रीदेवी नाराज थी और राम निवास से कहा था कि इस बार में सबको बता देगी। घटना के दिन श्री देवी अपने खेत में प्याज लगा रही थी। इससे कुछ ही कदम की दूरी पर राम निवास अपने खेत में काम कर रहा था। इस दौरान भी श्रीदेवी ने लवली से नजदीकी की बात सबको बताने की धमकी दी तो गुस्से में राम निवास ने फावड़े से श्रीदेवी पर तीन वार कर दिए। इसके बाद शव घसीटकर गेहूं के खेत में डाल दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में इस्तेमाल फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।