देहात कोतवाली क्षेत्र के फूलबेहटा निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। यह देखकर पुलिस कर्मी सकते में आ गए। फौरन ही महिला से पेट्रेाल की बोतल छीन ली गई। घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। महिला का दावा है कि ग्राम समाज की भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि दबाव बनाने के लिए महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है। देहात कोतवाली क्षेत्र के फूल बेहटा निवासी मीरा शर्मा (50) का विवाद पारिवार के ही रमेश शर्मा से चल रहा है। मीरा का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण है। इसकी शिकायत कई बार किए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार की दोपहर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर पेट्रोल बोतल में लेकर पहुंचीं। गेट पर वह खुद पर पेट्रोल डालने लगीं, तो पुलिस कर्मियों ने उनसे बोतल छीन ली। महिला को एसपी कार्यालय ले जाया गया। पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि महिला पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि मीरा का आरोप है कि ग्राम समाज की भूमि पर उसके कंडे रखे थे। परिवार के ही रमेश ने यह कंडे हटा दिए और वहां कारखाना लगाने लगे। जांच की गई, तो पता चला कि मीरा ग्राम समाज की भूमि पर कंडे और गोबर डालती है,जबकि रमेश गांव के बाहर तालाब के किनारे गोबर डालते हैं। रमेश पर सरकारी भूमि पर कारखाना लगाने की कोशिश में जुर्माना भी राजस्व टीम कर चुकी है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जा चुकी है।