ईडी और सीबीआई के जरिए राष्ट्रीय नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाकर भाजपा कार्यालय घेरने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। तीखी नोक झोंक के बाद पुलिस ने जिलाध्यक्ष समेत पचास कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इन सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। शाम को इन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार वर्ष 2014 से राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा समेत कई नेताओं को सरकारी एजेंसियाें के जरिए परेशान करा रही है। कई मामलों में तो न्यायालय ने आरोप पत्र तक वापस कर दिए। इसके कारण केंद्रीय नेतृत्व ने बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। सभी जनपदों में होने वाले घेराव के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ता भी जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में एकत्र हुए। भाजपा कार्यालय जाते समय राम जानकी मंदिर के पास सीओ सिटी अंकित मिश्रा के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने इन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक के बाद धक्का मुक्की भी हुई। इसके बाद इन सभी को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियाें के खिलाफ प्रदर्शन और संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह और डॉ. राजीव सिंह, सुनीता देवी, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजीत विशाल, एनएसयू आई जिलाध्यक्ष हसन अहमद, विनीत वर्मा, गोपाल पांडेय आदि मौजूद रहे।