हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के एलएन स्कूल के पास स्थित मोहल्ला परमेश्वरधाम में चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बना लिया। चोर दूसरी मंजिल पर खिड़की का शीशा तोड़कर मकान में दाखिल हुए थे। चोर सेफ का ताला तोड़कर यहां से दो लाख 60 हजार रुपये की नगदी व लाखों रुपये के गहने चोरी कर ले गए। पुलिस व फारेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। मोहल्ला निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी मीनाक्षी रोड पर इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है। सोमवार को उनकी भतीजी साक्षी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। वह अपनी पत्नी किरन पुत्र आशू व दीपांशु के साथ मोहल्ला सुभाषनगर में अपनी भतीजी साक्षी के घर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि उनका एक मकान सुभाषनगर में भी है। इस बीच वह अपने परमेश्वरधाम स्थित मकान पर आते जाते रहे थे। शनिवार की रात वह मकान का ताला लगाकर मोहल्ला सुभाषनगर चले गए थे। रविवार की सुबह वह परिवार के साथ परमेश्वरधाम स्थित मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर जाकर देखा मकान में रखी सेफ का ताला टूटा पड़ा था और आसपास सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सीढ़ियां चढ़कर देखा तो चोर दूसरी मंजिल पर लगी खिड़की का शीशा तोड़ कुंदी खोलकर मकान में दाखिल हुए थे। चोर सेफ में रखी दो लाख 60 हजार रुपये की नगदी दस तोला सोना व चांदी के गहने चोरी कर ले गए थे। उन्होंने चोरी कर सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।