सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अचानक ठंड का एहसास होने लगा। जहां कुछ दिन पहले तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वहीं अब यह गिरकर करीब 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज हवाओं और झमाझम बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी में भी ठिठुरन महसूस होने लगी। मई के महीने में इस तरह का मौसम बदलाव लोगों के लिए हैरानी भरा रहा। मौसम में आए इस अचानक परिवर्तन से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों और आमजन के बीच मौसम को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रभावों के कारण संभव हुआ है। फिलहाल मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही बदलाव बने रहने की संभावना जताई है।