गोंडा। नवाबगंज कस्बे के एक मोहल्ले में बुधवार सुबह युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहल्ला निवासी सुनीता (35) का शव घर के कमरे में टीन शेड की बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सुबह करीब छह बजे उनकी 12 वर्षीय बेटी काजल कमरे में झाड़ू लगाने गई, तभी उसने मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी, जिससे घर में कोहराम मच गया। मृतका का पति श्यामा निषाद बेंगलुरु में रहकर काम करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतका मूल रूप से तुलसीपुर माझा के डाली पुरवा की रहने वाली थी और पिछले करीब दस वर्षों से हड्डी पुरवा में रह रही थी। वह अपने पीछे चार छोटे बच्चों काजल (12), राकेश (10), किशना (8) और राम सिंह (5) को छोड़ गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।