गोंडा शहर के रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार से भव्य श्रीहरि कथा का शुभारंभ हो रहा है। जिसको लेकर बुधवार को संस्थान के समन्वयक स्वामी अर्जुनानंद महाराज ने मालवीय नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। उन्होंने बताया कि हरि कथा के साथ साथ नशामुक्ति के लिए मेडिटेशन भी सिखाया जाएगा। बृहस्पतिवार को शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा रामलीला मैदान से निकलकर पुरानी सब्जी मंडी, पीपल चौराहा, गुड्डूमल चौराहा, गुरुनानक चौराहा, दुखहरणनाथ मंदिर से लौटकर एलबीएस चौराहा होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। संस्थान के संस्थापक आशुतोष जी महाराज के सानिध्य में दिल्ली, मथुरा, अयोध्या व अन्य धार्मिक नगरी से आकर संत महंत हरिकथा सुनाएंगे। 19 मई तक प्रतिदिन शाम सात बजे से दस बजे तक हरि कथा सुनाई जाएगी। कथा के दौरान विशेषज्ञों की ओर से शराब, तंबाकू, सिगरेट, ड्रग्स व पान मसाला की लत छुड़ाने के लिए मेडिटेशन भी कराया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान महंत कमल जी महाराज, कृष्णादास, रंजीत बाबा आदि मौजूद रहे।