बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास तथा एक छोटी हिंदू बच्ची की जिंदा जलाकर हत्या किए जाने की घटनाओं के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान से शास्त्री महाविद्यालय चौराहे तक नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया और डिग्री कॉलेज चौराहे पर बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन किया गया। हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रामलीला मैदान पर एकत्र हुए। इसके बाद भगवा ध्वज हाथ में लेकर “बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो”, “हिंदुओं की हत्या बंद करो”, “जब-जब हिंदू जागता है, तब इतिहास बदलता है” जैसे नारे लगाते हुए जुलूस निकाला गया। जुलूस हनुमानगढ़ी चौराहा, गुड्डूमल चौराहा, गुरु नानक चौराहा होते हुए डिग्री कॉलेज चौराहे पर पहुंचा, जहां पुतला फूंका गया।