गोंडा-अयोध्या मार्ग पर नवाबगंज में शनिवार सुबह टहलने निकले एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। थाना नवाबगंज क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर के नकहा गांव निवासी देवनारायण (35) शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से टहलने निकले थे। वह गोंडा-अयोध्या मार्ग स्थित कोल्ड स्टोरेज तिराहे के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। देवनारायण दो भाइयों में बड़े थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। करीब 10 वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था, लेकिन चार वर्ष पहले पत्नी अलग होकर चली गई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। वह आंध्र प्रदेश में नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। छोटे भाई श्यामनारायण समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।