उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) बृहस्पतिवार से जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने परीक्षा शुरू होने से पहले लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिले में दो, तीन और चार जुलाई को होने वाली परीक्षा में कुल 39,702 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दो और तीन जुलाई को परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। चार जुलाई को परीक्षा केवल प्रथम पाली में आयोजित होगी। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के साथ सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।