सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस के सामने बने मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात बिजली लाइन में फाल्ट आने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लगातार बिजली न मिलने से मंगलवार देर शाम मेडिकल के छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण हॉस्टलों में पानी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हुए और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा और सीओ सिटी आनंद राय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा बिजली विभाग के कर्मचारियों की मदद से फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई। बिजली बहाल होने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।