फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रमोशन ट्रेनिंग के दौरान सीआरपीएफ हवलदार की हृदयाघात से मौत, गोंडा में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

गोंडा में परसपुर क्षेत्र के नारायणपुर जैसिंह गांव निवासी और सीआरपीएफ के हवलदार श्याम बिहारी पांडेय (46) की प्रमोशन प्रशिक्षण के दौरान हृदयाघात से मौत हो गई। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। मृतक के छोटे भाई अवध बिहारी पांडेय ने बताया कि श्याम बिहारी पांडेय सीआरपीएफ की 79वीं बटालियन में श्रीनगर में हवलदार के पद पर तैनात थे। उन्हें प्रमोशन के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल होने मध्यप्रदेश के नीमच भेजा गया था। बृहस्पतिवार सुबह प्रशिक्षण के बाद नाश्ता करने के कुछ देर बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:25 बजे श्याम बिहारी की परिजनों से अंतिम बार फोन पर बात हुई थी। उन्होंने नाश्ता करने और बैरक में आराम करने की बात कही थी। इसके कुछ ही देर बाद उनके निधन की सूचना मिली। शव के साथ आए सीआरपीएफ के कांस्टेबल जीडी संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को रासायनिक संरक्षण (केमिकल लेप) के लिए उदयपुर ले जाया गया। वहां से सेना के वाहन से अहमदाबाद पहुंचाया गया और शुक्रवार को विमान से लखनऊ लाया गया। इसके बाद सीआरपीएफ की 93वीं बटालियन, आशियाना (लखनऊ) के वाहन से पार्थिव शरीर पैतृक गांव नारायणपुर जैसिंह लाया गया। शुक्रवार दोपहर शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग जुटे। इसके बाद सरयू नदी के पंचवटी स्थित शुद्धवीर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सीआरपीएफ की 63वीं बटालियन, अयोध्या के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए फायर कर अंतिम सलामी दी। बड़े पुत्र अविनाश पांडेय ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह के पुत्र देवेश प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता त्रिलोकीनाथ तिवारी, त्रिलोकी सिंह, शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह, योगेश सिंह, जगदीश तिवारी, अतुल सिंह, दीपक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें