कोहरे के कारण रविवार को मनकापुर के बल्लीपुर में ट्रैक्टर ट्राली व कार में भिड़ंत हो गई। इसमें प्रयागराज कुंभ से स्नान करके लौट रहे कार सवार चार लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि चमन चन्द गुप्ता (36) निवासी गांधी नगर उतरौला जिला बलरामपुर अपनी पत्नी रोशनी गुप्ता व पिता अमर चन्द तथा दो वर्ष के बच्चे के साथ संगम स्नान करके कार से लौट रहे थे । मसकनवा बाजार में रिश्तेदार को छोड़कर वापस अपने घर जा रहे थे। बल्लीपुर बाजार पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। इसमें कार चालक चमन चन्द गुप्ता, उनकी पत्नी, पिता व बच्चा चोटिल हो गया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनकापुर मनोज कुमार पाठक ने बताया कि मौके पुलिस पंहुच कर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।