गोंडा में भीषण गर्मी के बीच रोडवेज बसों का सफर यात्रियों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रह गया है। जिले में पड़ रही 43 डिग्री सेल्सियस तापमान की तपिश में बसें भट्ठी की तरह उबल रही हैं। खिड़कियों से आ रही गर्म हवा और खराब वेंटिलेशन के कारण यात्रियों का दम घुटने लगा है। गोंडा से लखनऊ जा रही एक रोडवेज बस में यात्री पसीने से तर-बतर नजर आए। गर्मी और उमस से बच्चे रो-रोकर बेहाल हो गए, जबकि कई बुजुर्गों की सांसें फूलती दिखीं। यात्रियों ने बताया कि बसों में न तो पर्याप्त हवा की व्यवस्था है और न ही गर्मी से राहत के कोई इंतजाम। यात्रियों का कहना है कि दोपहर के समय बसों में सफर करना बेहद मुश्किल हो गया है। तेज धूप और तपती सीटों के बीच सफर के दौरान लोग बार-बार पानी पीकर खुद को राहत देने की कोशिश करते रहे। कई यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से बसों में पंखे व बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था कराने की मांग की है।