देवीपाटन जोन में गोंडा के मनकापुर और बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र के कई गांवों में आंधी और बारिश के सात दिन बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ऐसे में विद्युत उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। विद्युत उपभोक्ता आपूर्ति बहाल कराने की मांग कर रहे हैं। मगर गोंडा के धानेपुर व मेहनौन में सातवें दिन रविवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ऐसे में रविवार को भी देवीपाटन जोन कार्यालय खोला गया। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की है। मनकापुर के अधिशासी अभियंता, धानेपुर व मेेहनौन के एसडीओ व अवर अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई है। बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र में जल्द सभी गांवों में आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए हैं। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता ने बताया कि लापरवाह अधिकारियों को चिहिंत किया गया है। अगर जल्द विद्युत व्यवस्था आपूर्ति नहीं होती है तो उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।