यूपी के गोंडा में बाबापुरवा ठोरहंस से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां रोशनी (21) अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी। लेकिन, उसके पिता चंद्र प्रकाश पांडेय और भाई राहुल पांडेय को यह मंजूर नहीं था। नतीजा यह रहा कि पिता-पुत्र ने शुक्रवार को करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के बाबापुरवा ठोरहंस निवासी चंद्र प्रकाश पांडेय की बेटी रोशनी (21) का मनकापुर के बक्सरा आज्ञाराम कुंजलपुर निवासी परमेश्वर पाठक (दूर के रिश्तेदार) से फोन से बातचीत हुआ करती थी। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ती गईं। दोनों में दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। इसकी जानकारी रोशनी के पिता चंद्र प्रकाश पांडेय व भाई राहुल पांडेय को हुई तो परमेश्वर से शादी तय कर दी। कुछ दिन बाद परमेश्वर का रोशनी के घरवालों से विवाद हो गया। इस पर उन्होंने परमेश्वर से शादी करने से इन्कार कर दिया। लेकिन, रोशनी प्रेमी से ही शादी पर अड़ी रही। पिता और भाई ने रोशनी को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, उसके न मानने पर दोनों ने मिलकर करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी कि करंट लगने से बेटी की मौत हो गई। वहीं परमेश्वर पाठक ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसकी शादी रोशनी से तय थी। परिवार के लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। सीओ सिटी आनंद कुमार राय, कोतवाल शमशेर सिंह के साथ फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने प्रेमी परमेश्वर की तहरीर पर चंद्र प्रकाश व उसके बेटे राहुल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी पिता व भाई को पूरे ललक गांव के बालाजी मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।