गोंडा में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कई मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा प्राप्त किए जा रहे दावे व आपत्तियों की प्रक्रिया को बारीकी से परखा और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों पर मौजूद बीएलओ से अब तक प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से जुड़े सभी प्रकरण भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही स्वीकार किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।