गोंडा में लेखपाल भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 4920 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4103 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 817 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले गहन तलाशी और दस्तावेजों की जांच की गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के अंदर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। कक्ष निरीक्षकों को भी किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ न रखने के निर्देश दिए गए थे। वहीं केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर भी विशेष नजर रखी गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि कंप्यूटर और सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे। कई सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा। हालांकि हिंदी, गणित और रीजनिंग के प्रश्न सामान्य स्तर के होने से परीक्षार्थियों को राहत मिली। परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों और विशेष निगरानी टीमों ने लगातार निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा कराई गई। अधिकारियों ने दावा किया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।