यूपी के गोंडा में होली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को करनैलगंज में एसडीएम नेहा मिश्रा और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग दुकानों से दूध, पनीर और विभिन्न मिठाइयों के कुल आठ नमूने लिए गए। टीम ने मौके पर जांच के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका जताई। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पूरे जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।