गोंडा में बाढ़ का संकट एक बार फिर गहरा गया है। एल्गिन ब्रिज पर सरयू नदी का जलस्तर 106.300 मीटर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही नदी खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। नदी में विभिन्न बैराजों से तीन लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है। नदी का उतार-चढ़ाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करनैलगंज तहसील के चंदापुर किटौली, नकहरा गांव में एक बार फिर बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। इधर तरबगंज के ब्योंदा माझा, तुलसीपुर, साकीपुर, दत्तनगर गांव के लोग पहले से ही बाढ़ से जूझ रहे हैं। इन सबके बीच तुलसीपुर माझा गांव में मगरमच्छ एक भैंस को खींच ले गया। इससे उसकी मौत हो गई।