गोंडा में रविवार को पांच केंद्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल पंजीकृत 2352 अभ्यर्थियों में से 2182 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 170 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और पर्यवेक्षकों की निगरानी में परीक्षा कराई गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर पहली पाली की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित रहा। अधिकांश परीक्षार्थियों ने परीक्षा को सामान्य से मध्यम स्तर का बताया। अभ्यर्थियों ने कहा कि समय प्रबंधन करने वाले छात्रों के लिए प्रश्नों को हल करना आसान रहा।