गोंडा में सूकर खेत पसका में आयोजित धार्मिक मेले का मुख्य स्नान शनिवार को होगा। इस दौरान श्रद्धालु पतित पावनी सरयू में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान वाराह का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मेले का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान करनैलगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा से अब तक किए गए प्रबंधों की जानकारी भी ली गई।