गोंडा में जिला पंचायत सभागार में एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले की प्रसिद्ध कचौड़ी और इटियाथोक के दही बड़े को योजना के तहत चयनित उत्पादों के रूप में बताया गया। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यशाला में खाद्य विभाग के अधिकारियों ने उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, स्वच्छता के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और स्वीकृत फूड कलर के उचित इस्तेमाल की जानकारी दी। श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रम कानूनों और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ने योजना के तहत उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उद्यमी भूपेंद्र आर्या और इटियाथोक के कृपाशंकर शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त और बाट-माप विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।