जिला महिला अस्पताल में बुधवार देर शाम एक और प्रसूता की मौत से सनसनी मच गई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ठकुरापुर निवासी मुकेश कुमार की 40 वर्षीय पत्नी मंजू देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि मंजू देवी को सुबह करीब दस बजे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों के कहने पर बाहर से अल्ट्रासाउंड कराया गया। इसके बाद ऑपरेशन के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की गई। रकम लेने के बाद ऑपरेशन किया गया, लेकिन लापरवाही बरती गई, जिससे संजू देवी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। हालात बिगड़ते देख कई स्वास्थ्यकर्मी मौके से हट गए। सूचना पर कोतवाली देहात के कोतवाल विवेक त्रिवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। कोतवाल ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर स्थिति शांत हुई।