ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार को शहर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने शहर के प्रमुख ईदगाहों और नमाज स्थलों का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने धर्मगुरुओं, मस्जिद कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से वार्ता कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पर्व को देखते हुए सभी नमाज स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस बल की भी तैनाती की गई। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।