जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। करीब 80 मिनट तक उन्होंने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों, ओपीडी, वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और 10 दिन के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई ओपीडी वरिष्ठ चिकित्सकों की बजाय केवल जूनियर डॉक्टरों के भरोसे संचालित हो रही थीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मरीजों और तीमारदारों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं मिली, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।