गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित गोंडा दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वह छपिया विकासखंड के तेजपुर स्थित सिंगारघाट में गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 520.83 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, सीडीओ दयानंद प्रसाद, विधायक प्रभात वर्मा और रमापति शास्त्री सहित प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और हेलीपैड का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त और डीएम ने सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के लिए जारी परियोजना विवरण के अनुसार, गौरा विधानसभा क्षेत्र में 40 परियोजनाओं पर 266.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 21 का शिलान्यास होगा। वहीं, मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में 29 परियोजनाओं पर 254.09 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इनमें नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और 20 का शिलान्यास प्रस्तावित है।