कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव के एक किसान के खेत में शनिवार की सुबह मिट्टी धंसने से खलबली मच गई। जानकारी होने पर हल्का लेखपाल और 112 डाॅयल पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल कर वापस चली गई। इधर, दोपहर दो बजे तक पंद्रह फीट चौड़ा और दस फीट गहराई में मिट्टी धंस गई थी। किसान अमित यादव ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे के बगल में शहाबुद्दीनपुर गांव स्थित डीह बाबा मंदिर के पास खेत है। सुबह 8. 30 बजे अचानक खेत की जमीन धंस गई। मात्र आधे घंटे के अंदर एक बड़ा गड्ढा बन गया और जमीन नीचे दबने लगी। जमीन धंसने की जानकारी मिलते ही गांव सहित आसपास के लोगों में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए आंशका जाहिर किया कि जहां मिट्टी धंसी है वहां पर कुंआ आदि रहा हो। मिट्टी धंसने से पहले पूरे खेत में दस दिन पहले ही धान की रोपाई की गई है। इस घटना से आसपास के खेतों में भी खतरा मंडरा रहा है। किसान अमित यादव ने बताया कि सुबह सात बजे वह खेत पर गए था। उस समय मिट्टी कहीं नहीं धंसी थी। सुबह 8. 30 बजे गांव के कुछ लोगों ने घर आकर बताया कि खेत में एक बहुत बड़ा गड्ढा बन गया है। इस समय अभी और धंस रहा है। दोपहर दो बजे तक पंद्रह फीट चौड़ा और दस फीट गहराई में मिट्टी धंस गई है। इस तरह अचानक जमीन धंसने से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया है। उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि लोगों को हिदायत दी गई है कि आसपास कोई खड़ा न हो। जमीन धंसने की जानकारी मिलते ही नलकूप विभाग से जांच पड़ताल करने को कहा गया है। जिले से भी तकनीकी टीम जरूरत पड़ी तो आएगी।