गाजीपुर जिले में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को कासिमाबाद तहसील सभागार में आयोजित एनडीए की चौपाल में विपक्ष पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2026 में प्रदेश में हुई अधिकांश आपराधिक घटनाओं में यादव और मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे हैं। मंत्री ने कहा, 2026 में जितनी भी आपराधिक घटनाएं हुई हैं, उनमें ज्यादातर यादव और मुस्लिम समाज के लोगों ने अपराध किए हैं। ऐसे लोग सरकार बनाने की बात कर रहे हैं। अखिलेश जी, इस जन्म तो छोड़ दीजिए, अगले जन्म की तैयारी कीजिए। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि प्रदेश में हो रही आपराधिक घटनाओं में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग पकड़े जा रहे हैं। साथ ही कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। राजभर के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आना बाकी है।