जमानिया के जीवपुर गांव के खेल मैदान पर शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित 41वीं सीनियर जिलास्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष बबलू यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मुकाबला रेवतीपुर और बारा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में रेवतीपुर ने बारा को टाईब्रेकर में 5-4 से हरा दिया। दोनों टीमों ने शानदार तालमेल, गति और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को खूब रोमांचित किया। मध्यांतर से पहले दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी और पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। मध्यांतर के बाद मुकाबला और भी रोचक हो गया। मैच के 56 वें मिनट में रेवतीपुर टीम के कप्तान रियाज ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद बारा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जोरदार वापसी की और 73 वें मिनट में कप्तान खालिद ने गोल कर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में रेवतीपुर ने बारा को 5–4 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच में निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र ने तथा जेपी यादव ने कमेंट्री की। मुख्य अतिथि बबलू यादव ने खिलाड़ियों के खेल की सराहना करते हुए कहा कि जिस अनुशासन, फेयर प्ले और खेल भावना के साथ दोनों टीमों ने प्रदर्शन किया, वह निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की ओर संकेत करता है। इस अवसर पर भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष लल्लन यादव, भानूप्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह, रामनगीना राय, आजाद अली, धीरेंद्र यादव, रामअवध यादव, रामनिवास यादव, प्रह्लाद यादव, हरिद्वार, सुदर्शन, लक्ष्मण आदि उपस्थित रहे।