किसान दिवस का आयोजन बुधवार को विकास भवन के सभाकक्ष में हुआ। इस दौरान किसानों ने बिजली आपूर्ति, नलकूप संचालन के साथ खाद, उर्वरक और मगई नदी की समस्या को उठाया। इस पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया। खरडीहा के किसान विनोद राय ने कहा कि बिजली आपूर्ति समय से नहीं हो रही है। यहीं नहीं गांवों में रोस्टरवाइज आपूर्ति नहीं हो रही है। सदर विकास खंड के किसान अनिल यादव ने कहा कि नलकूप संचालन न होने से फसलों की सिंचाई बाधित है। जबकि अन्य किसानों ने धान क्रय केंद्रों पर क्रय, समितियों पर खाद व उर्वरक की कमी, निवेश केंद्रों पर बीज की उपलब्धता की समस्या व मगई नदी की समस्या से अवगत कराते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों से कहा कि वे खेतों में पराली न जलाए। किसान आवश्यकतानुसार डीएपी लें। इस मौके पर सीडीओ संतोष कुमार वैश्य, उपनिदेशक कृषि अतींद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला अग्रणी प्रबंधक पीएस परमार, कृषि वैज्ञानिक डाॅ. वीके सिंह आदि मौजूद रहे।